बिहार / नवादा : नवादा जिले के अंतर्गत नारदीगंज थाना क्षेत्र के फाजिलपुर गांव में डायल 112 की पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। शाम लगभग पांच बजे पुलिस टीम गश्ती पर थी, जब कुछ ग्रामीणों ने उन्हें गालियां दीं। पुलिस ने जब गाड़ी रोककर ग्रामीणों से पूछताछ की, तो मामला बिगड़ गया और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में पीटीसी दरोगा सत्यानंद कुमार, ड्राइवर शक्ति और महिला पुलिसकर्मी ममता घायल हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम ने ग्रामीणों को खदेड़कर वहां से भगाया।घटना की जानकारी मिलते ही जिले के एसपी अभिनव धीमान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया। इस टीम ने फाजिलपुर के दो आरोपियों, बुलेटिन उर्फ राजनीति और संटु कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी धीमान ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया है और वे सुरक्षित हैं। पुलिस ने गांव में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।




