रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) द्वारा शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली। हटिया स्टेशन पर गाड़ी संख्या 18624 की चेकिंग के दौरान आरपीएफ की टीम ने शराब की 43 बोतलें जब्त कीं। इस कार्रवाई को रांची मंडल के सहायक सुरक्षा आयुक्त एके सिंह के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया, जो आरपीएफ मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर ऑपरेशन सतर्क के तहत की जा रही थी। चेकिंग के दौरान, जनरल डिब्बे के टॉयलेट में तीन झोलों में शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। जब टीम ने उन्हें खोला, तो कुल 43 बोतलें पाई गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 39,000 रुपये आंकी गई है। इस निरीक्षण में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, फ्लाइंग टीम के एएसआई रवि शेखर और अन्य स्टाफ शामिल थे।पूछताछ के दौरान शराब की बोतलों का कोई मालिक नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ये बोतलें तस्करी के उद्देश्य से ट्रेन में लाई गई थीं।

जब्त की गई शराब की बोतलों को आबकारी विभाग के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ द्वारा इस तरह की कार्रवाई रांची मंडल में लगातार की जा रही है, जिससे रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरपीएफ की सतर्कता और इस तरह की सख्त कार्रवाई से तस्करों के हौसले पस्त होते जा रहे हैं, जो रेलवे के माध्यम से गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास करते हैं।




