रांची : दोहा में 14 नवंबर से शुरू होने वाले राइजिंग एन स्टार्स एशिया कप (इमर्जिंग टीम्स टूर्नामेंट) के लिए भारत-ए की घोषणा हो चुकी है। विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा को टीम की कमान सौंपी गई है। हाल ही में उन्होंने विदर्भ प्रो टी20 लीग में अपनी टीम को खिताब दिलाया था। सबसे बड़ा आकर्षण 14 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का चयन है, जिन्हें पहली बार इस स्तर पर मौका मिला है।

वैभव के साथ पारी की शुरुआत प्रियांश आर्य करेंगे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ हालिया वनडे मुकाबलों में शानदार शतक लगाया था। टीम अपना पहला मैच 16 नवंबर को पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।दस्ते में नमन धीर को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि मध्यक्रम में सूर्यांश शेडगे, रमनदीप सिंह और हर्ष दुबे जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज शामिल हैं। गेंदबाजी की जिम्मेदारी यश ठाकुर, विजय कुमार विशक, युद्धवीर सिंह और सुयश शर्मा के कंधों पर रहेगी। साथ ही अभिषेक पोरेल और आशुतोष भी संतुलन बनाएंगे।स्टैंड-बाय खिलाड़ियों में गुरनूर बराड़, कुमार कुशाग्र, तनुष कोटियन, समीर रिजवी और शेख रशीद को रखा गया है। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का यह संयोजन भारत-ए को खिताब का प्रबल दावेदार बनाता है।




