सरायकेला : आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शनिवार को सरायकेला के गोपाबंधु दास टाउन हॉल में ‘आकांक्षा विंग ऑफ एस्पिरेशन’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को करियर के प्रति मार्गदर्शन और काउंसलिंग प्रदान करना है. इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपने करियर से जुड़ी जानकारी हासिल की. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, रुचिका नेगी, चंद्रहास चौधरी, रमेश कार्तिक नायक और नीरज लेले ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथियों ने छात्रों को संबोधित किया और उन्हें टेक्नोलॉजी का सही उपयोग करने की सलाह दी. छात्रों को प्रेरणा स्वरूप अधिकारियों ने छात्रों को करियर में फोकस बनाए रखने और भटकाव से बचने की सलाह दी.

विशेष रूप से स्कूल छोड़कर कॉलेज में प्रवेश करने वाले छात्र-छात्राओं को करियर के प्रति सजग रहने और जिम्मेदारी से निर्णय लेने की सीख दी गई. उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को करियर संबंधी जिज्ञासाओं को दूर करने और सही दिशा में कदम बढ़ाने में मदद करेगा. छात्र अपनी ऊर्जा को सकारात्मक रूप से इस्तेमाल कर निश्चित क्षेत्र में फोकस कर सकते हैं. हालांकि कार्यक्रम में छात्रों को टेक्नोलॉजी के सही और गलत उपयोग के बीच का फर्क समझाया गया तथा करियर के प्रति सजग रहने और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया गया. वही इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. उन्होंने अपने करियर को लेकर विशेषज्ञों से सवाल पूछे और उपयोगी सुझाव प्राप्त किए. इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान करने और अपने करियर के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. अधिकारियों ने आशा जताई कि इस पहल से जिले के युवा सशक्त होंगे और अपने भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएंगे.




