जमशेदपुर : रेलवे बोर्ड ने सभी ज़ोन और मंडलों को निर्देश दिया है कि वे यात्री शिकायतों की निगरानी और समाधान के लिए पर्याप्त अधिकारियों के साथ ‘वॉर रूम’ स्थापित करें। यह पहल ‘रेल-मदद’ प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए की जा रही है, जिससे यात्री 139 हेल्पलाइन नंबर, मोबाइल एप्लिकेशन या पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकें। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने हाल ही में मंडलों का दौरा किया, जहां उन्होंने कई जगहों पर वॉर रूम की अनुपलब्धता को लेकर चिंता जताई। मंडल नियंत्रण कार्यालयों में शिकायत निवारण प्रणाली की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर रेलवे बोर्ड ने एक पत्र जारी कर सभी जोन को इस दिशा में सुधार के निर्देश दिए।

कुछ मंडलों ने इस आदेश को लागू करना शुरू कर दिया है और विभिन्न विभागों से अधिकारियों को वॉर रूम में तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मंडलों का निरीक्षण कर उनकी मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई है, ताकि ‘वॉर रूम’ को अधिक प्रभावी और सक्षम बनाया जा सके।




