रांची : झारखंड की एटीएस ने प्रतिबंधित संगठन के विरुद्ध एक अहम कदम उठाया है। गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद के वासेपुर क्षेत्र में शनिवार को छापेमारी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। नूरी मस्जिद के आस-पास जांच के बाद अमन सोसायटी, गफ्फार कॉलोनी में भी छापेमारी की गई।

इस ऑपरेशन के दौरान अयान जावेद, युसूफ और कौशर सहित पांच लोगों को पकड़ा गया। सभी से फिलहाल पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी झारखंड में आतंक से जुड़ी बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्ष अगस्त में, एटीएस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से राज्य के विभिन्न जिलों—रांची, हजारीबाग और लोहरदगा—में अभियान चलाकर नौ व्यक्तियों को पकड़ा था। इस दौरान मेडिका अस्पताल में कार्यरत डॉ. इश्तियाक अहमद को भी अरेस्ट किया गया, जो रांची के जोड़ा तालाब इलाके में रहते थे। बताया जा रहा है कि डॉ. इश्तियाक अलकायदा इंडियन सबकॉन्टिनेंट से जुड़े नेटवर्क का प्रमुख योजनाकार था और कट्टरपंथी सोच फैलाने की कोशिश कर रहा था।




