जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्यूलाडूंगरी में जेंट्स ब्यूटी पार्लर के नाम पर देह व्यापार का धंधा जोरों पर चलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक छोटे-छोटे पार्लर इस अवैध गतिविधि में संलिप्त बताए जा रहे हैं। इन दुकानों के आड़ में हो रहे अनैतिक कार्यों से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं।

पिछले महीने क्षेत्र की महिलाओं ने एकजुट होकर इन पार्लरों पर धावा बोला था। महिलाओं के इस कदम में स्थानीय थाना प्रशासन ने भी सहयोग किया, जिसके बाद सभी संदिग्ध दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया था। हालांकि कुछ ही सप्ताह बाद महिलाओं की मुश्किलें फिर बढ़ गईं। इन पार्लरों के दबंग संचालकों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और बंद की गई दुकानों को दोबारा खोल दिया गया। इससे नाराज होकर क्षेत्र की महिलाएं एक बार फिर गोलमुरी थाना पहुंचीं और स्थायी रूप से इन अनैतिक दुकानों को बंद कराने की मांग की। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई कि उन दबंग संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सुरक्षा बहाल हो सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि ऐसे अवैध धंधों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।




