
सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम के नए प्रशासक के आने से नगर वासियों में आशा की किरण दिखी है. उनसे महीनों से खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती कराने की अपील टीएमसी जिलाध्यक्ष बाबू तांती ने पत्र भेजकर किया है. उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्ड और बस्तियों में लगे सैंकड़ों स्ट्रीट लाईट कई महीने से खराब पड़े हैं. पिछले प्रशासक से भी उन्होंने आग्रह किया था लेकिन उनकी नहीं सुनी गई थी. उन्हें बताया गया कि स्ट्रीट लाइट लगाने वाली एजेंसी का करोड़ों रुपए बकाया होने की वजह से एजेंसी ने स्ट्रीट लाइट का रख रखाव करना बंद कर दिया है।
उन्होंने नए प्रशासक से अनुरोध किया है कि सारी बाधा को दूर कर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती का कार्य प्रारंभ कराएं चूंकि बरसात के दिनों में रात में बस्ती वासियों को अक्सर सांप बिच्छू से सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि अंधेरे में रोड पर सांप बिच्छु के डर के साथ चोरी और छिनतई की समस्या भी बढ़ गई है ऐसे में गली मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटों का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है।





