रांची : झारखंड के वरिष्ठ राजनेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत काफी गंभीर बताई जा रही है। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, इस स्ट्रोक के चलते उनके शरीर का बायां हिस्सा प्रभावित हुआ है, जिससे उन्हें लकवा मार गया है।

फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है और विशेषज्ञों की एक टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है। उन्हें देखने की इजाजत केवल गिने-चुने करीबी लोगों को दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन अस्पताल में मौजूद हैं और लगातार संपर्क में बने हुए हैं। झारखंड से कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और सहयोगी दलों के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंच चुके हैं, लेकिन सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों के कारण सभी को मिलने नहीं दिया जा रहा।इस बीच झारखंड समेत पूरे राज्य में शिबू सोरेन के जल्द ठीक होने की कामना की जा रही है। धार्मिक स्थलों में विशेष अनुष्ठान, नमाज़ और प्रार्थनाएं की जा रही हैं। उनके समर्थक और आम नागरिक उनकी बेहतर स्थिति के लिए लगातार दुआएं मांग रहे हैं।




