बिहार : भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र में शनिवार शाम एक गंभीर हादसा हुआ। उत्पाद विभाग की टीम, शराब की अवैध ढुलाई की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कटेयां रोड की ओर पीछा कर रही थी। इस दौरान तेज गति में दौड़ रही बोलेरो वाहन असंतुलित होकर खाई में गिर गई, जिससे एक होमगार्ड जवान की जान चली गई और चार अन्य कर्मी बुरी तरह जख्मी हो गए।

मृतक जवान 35 वर्षीय संजय यादव, खवासपुर थाना के हरी टोला निवासी थे। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग सहायता के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल, आरा पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक एएसआई मो. जमील अख्तर के सिर पर गहरी चोट आई है जबकि अन्य तीन जवान—धर्मेन्द्र पासवान, सुशील यादव और विकास कुमार—भी गंभीर रूप से घायल हैं। यह टीम जगदीशपुर से गुप्त सूचना पर छापेमारी के लिए निकली थी। पीछा करते वक्त वाहन की गति अधिक होने के कारण वह नियंत्रण से बाहर हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारी और स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार में सहयोग किया।




