दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : राज्यसभा सदस्य और झारखंड के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिसके कारण शरीर का बायां हिस्सा प्रभावित हुआ है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर निगरानी में हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से विस्तृत जानकारी ली और गुरुजी की जल्द रिकवरी की प्रार्थना की।शिबू सोरेन की उम्र 81 वर्ष है और वे लंबे समय से कई शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्हें किडनी संबंधी दिक्कतों के कारण नियमित डायलिसिस कराना पड़ता है। इसके अलावा वे मधुमेह के मरीज हैं और उनके दिल की बायपास सर्जरी भी हो चुकी है। इधर, आजसू पार्टी के नेता सुदेश महतो ने चिंता जताते हुए कहा कि गुरुजी की हालत को लेकर वे चिंतित हैं और प्रार्थना करते हैं कि वे जल्द स्वस्थ हों। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिबू सोरेन जल्द ही झारखंड लौटकर मार्गदर्शन देंगे।




