Saraikela (संजीव मेहता) : सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न प्रखंडों की 11 ग्राम पंचायतों में 26 जून 2025 30 जून तक शिविर लगाकर लोगो को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत योजनाओं की जानकारी दी जा रही है. इन शिविरों का उद्देश्य जनजातीय, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना एवं पात्र लाभार्थियों को सेवाओं से संतृप्त करना है.

शिविरों में प्रखंड एवं अंचल प्रशासन, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार यह अभियान 15 जून से 30 जून 2025 तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है. शिविरों में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनमन योजना, आयुष्मान भारत, वन अधिकार अधिनियम, मनरेगा, पेंशन योजनाएं, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, राशन कार्ड, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है. पात्र लाभुकों से आवेदन लिएजा रहे हैं और कई को मौके पर ही परिसंपत्तियों (जैसे कार्ड, प्रमाण पत्र, उपकरण आदि) का वितरण भी किया जा रहा है. लाभुकों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया व लाभ प्राप्ति की समय-सीमा की जानकारी भी दी जा रही है और उन्हें प्रेरित किया गया कि वे अपने गांव के अन्य पात्र व्यक्तियों को भी इन योजनाओं से जोड़ें.




