जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ओवरब्रिज से कुछ ही दूरी पर स्थित राकड़ क्षेत्र में एक मकान में देर रात तक अवैध जुए अड्डा संचालित होने की जानकारी सूत्रों के अनुसार बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन रात 10 बजे के बाद यह अड्डा सक्रिय हो जाता है, जहां जुए के अड्डे पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का भी जमावड़ा लगा रहता है।

नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया गया कि इस अड्डे के कारण क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल बना रहता है। अड्डे पर नशे और हंगामे की घटनाएं भी आम हो गई हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस अड्डे का संचालन नाज नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है, अपराधियों की नियमित आवाजाही से भय का माहौल भी बना रहता है। स्थानीय जनता की मानें तो प्रशासन या तो इस गतिविधि से अनजान है या जानबूझकर अनदेखी कर रहा है। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन इस पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह अवैध अड्डा इसी तरह चलता रहेगा।




