पलामू : पलामू में ज़मीन विवाद के चलते खून-खराबे का बड़ा मामला सामने आया है। हरिहरगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के पीछे ₹1.5 लाख की ‘सुपारी’ का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सतगांवा गाँव की है, जहाँ कुछ दिन पहले जसमुद्दीन अंसारी की हत्या कर दी गई थी।

पलामू पुलिस की जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। दरअसल, मृतक का अपने ही पड़ोसी से ज़मीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पड़ोसी ने अपने दोस्त के ज़रिए ₹1 लाख 50 हज़ार में जसमुद्दीन की हत्या की सुपारी दे डाली। एसपी रिशमा रमेशन के निर्देश पर हरिहरगंज थाना प्रभारी चंदन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी अब्दुल रमजान को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार — कटार, मृतक के कपड़े का टुकड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जमीनी विवाद के कारण हत्या की सुपारी दी गई थी। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।




