श्रीनगर : 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार ने पर्यटन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित कश्मीर के 87 सार्वजनिक उद्यानों और प्राकृतिक स्थलों में से 48 को आम लोगों के लिए बंद कर दिया है।

हालांकि अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन कई पर्यटन स्थलों पर पहुंचने पर रोक लगा दी गई है। बांदीपुरा की गुरेज घाटी, बडगाम के योसमार्ग और तौसीमैदान, कुलगाम की अहरबल व कौसरनाग, कुपवाड़ा के बंगस और करिवान जैसे कई प्रसिद्ध स्थल प्रतिबंधित क्षेत्रों में शामिल हैं। इसके अलावा श्रीनगर के कुछ प्रमुख धार्मिक और व्यावसायिक स्थानों जैसे जामिया मस्जिद, बादामवारी और कुछ होटल व रिसॉर्ट्स को भी सूची में डाला गया है। सूत्रों के अनुसार, हमले के बाद क्षेत्र में छिपे आतंकी समूहों की सक्रियता बढ़ी है, जिन्हें नए हमलों के आदेश मिले हैं। पहलगाम की घटना के बाद सुरक्षा बलों की कार्रवाई से प्रतिक्रिया में टीआरटी संगठन द्वारा हिंसात्मक कदम उठाने की आशंका है



