सरायकेला खरसावां: खरसावां थाना क्षेत्र के दिहुरीडिह के पास हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। इस हादसे में 18 वर्षीय युवक विकास जामुदा की जान चली गई, जबकि उसका साथी विष्णु सोए गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक खरसावां से लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल विष्णु को तुरंत फसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन आरोप है कि वहां समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण घायल को करीब दो घंटे तक उचित इलाज नहीं मिल सका, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

इस घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के साथ उनकी तीखी बहस हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी वार्ड के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अध्यक्ष ने इस घटना को लापरवाही का गंभीर मामला बताते हुए संबंधित डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन पर शीघ्र कदम उठाने का दबाव बढ़ता जा रहा है।




