दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने रविवार को एक बड़े खालिस्तानी नेटवर्क से जुड़े आतंकी को बिहार के मोतिहारी से धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान लुधियाना निवासी कश्मीर सिंह गलवाड्डी के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी एनआईए और राज्य पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत हुई।

कश्मीर सिंह वर्ष 2016 में पंजाब की नाभा जेल से फरार होने वाले खतरनाक अपराधियों में से एक था और फरारी के बाद से वह विदेश में रह रहे खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा के साथ लगातार संपर्क में था। बयान के अनुसार, कश्मीर सिंह खालिस्तानी गतिविधियों में सक्रिय था और कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। दिल्ली की एक विशेष अदालत ने उसे 2022 की आतंकी साजिश से जुड़े मामले में फरार घोषित कर रखा था। उसके विरुद्ध समय-समय पर गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे। उसकी गिरफ्तारी के लिए एनआईए ने 10 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की थी। यह कार्रवाई देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिससे आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने में सहायता मिलेगी।




