जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शनिवार की रात नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 98 पुड़िया ब्राउन शुगर और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी का नाम राजू लोहार (उम्र 26 वर्ष) है, जो पुराना सीतारामडेरा उरांव बस्ती, गणेश मंदिर के पीछे मकान नंबर 601 का निवासी है.

जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुआं मैदान इलाके में ब्राउन शुगर की बिक्री हो रही है. इस पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व मुख्यालय डीएसपी- 1 भोला प्रसाद सिंह ने किया. टीम ने छापामारी कर मौके से राजू लोहार को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से कुल 98 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 5.48 ग्राम) और 2200 रुपये नकद जब्त किए गए. हेडक्वार्टर 1 डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त रहा है. उसपर साकची थाना कांड संख्या 11/23 दिनांक 13 जनवरी 2023 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है. उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी नशा कारोबार पर एक बड़ी कार्रवाई है और इससे मादक पदार्थ तस्करों में भय का माहौल बनेगा. पुलिस अब अन्य शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.




