सरायकेला / (संजीव मेहता) : पहली जनवरी को मुख्यमंत्री के खरसावां आगमन पर जिले के फेयर प्राइस पीडीएस डीलर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव और सरायकेला जिला अध्यक्ष फुलकांत झा ने उन्हें एक ज्ञापन सौंप कर डीलरों की लंबित मांगों को दोहराया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फूल माला पहनाकर अभिनंदन भी किया. उनके साथ एसोसिएशन के सदस्य और राजद के प्रदेश महासचिव देव प्रकाश देवता भी शामिल थे. फ़ूलकान्त झा ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि वर्ष 2020 में शुरू हुई वन नेशन वन कार्ड के तहत आईएम पीडीएस डीपीएमयू स्कीम के अनुबंधकर्मियों को दो साल से मानदेय नहीं मिल रहा है. जिसके लिए सरायकेला जिले के अनुबंधकर्मियों ने पीडीएस दुकानदार संघ और फायर प्राइस डीलर एसोसिएशन को इसकी जानकारी दी है. फुलकांत झा ने बताया कि केवल सरायकेला ही नहीं पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, लातेहार, जामताड़ा, रामगढ़ के अनुबंधकर्मियों को भी दो साल से मानदेय नहीं दिया जा रहा है।

ये लोग स्थानीय हैं और लगातार इस स्कीम के तहत डाटा एंट्री आपरेटर का काम करते आ रहे हैं. इनकी नियुक्ति अनुबंध बेसिस पर 26 हजार रुपये प्रति माह के दर पर हुआ था. उन्होंने बताया कि वे इन अनुबंधकर्मियों की स्थिति से पूर्व में भी विभागीय मंत्री को अवगत करा चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने डीलरों के लंबित 10 सूत्री मांगों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने फ़ूलकान्त झा को चाचा संबोधित करते हुए उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया है।



