देवघर : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। तीर्थ पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान से गर्भगृह में शिवलिंग की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मुख्यमंत्री और विधायक ने बाबा भोलेनाथ से झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। इससे पूर्व, देवघर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान सारठ विधायक श्री उदय शंकर सिंह, संथाल परगना कमिश्नर श्री लालचंद दादेल, संथाल परगना आईजी श्री क्रांति कुमार, डीआईजी श्री संजीव कुमार, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री विशाल सागर और पुलिस अधीक्षक श्री अजीत पीटर डुंगडुंग उपस्थित थे।

जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री की इस धार्मिक यात्रा ने न केवल क्षेत्र में धार्मिक आस्था को प्रोत्साहन दिया, बल्कि झारखंड के विकास और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।




