रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक परीक्षा में पेपर लीक मामले की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने अब तक राज्य के विभिन्न स्थानों से पांच लोगों को हिरासत में लिया है। गिरिडीह में दो शिक्षकों और दो विद्यार्थियों को पकड़ा गया है, जबकि मधुपुर से प्रिंस कुमार को हिरासत में लिया गया है, जिसका भाई कोचिंग सेंटर संचालित करता है। इस बीच, जैक ने इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को शनिवार को सौंप दी। रिपोर्ट में प्रश्न पत्र लीक होने की पूरी स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।

इधर, जमशेदपुर के पिपुल्स एकेडमी स्कूल में गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सोनारी स्थित एक कोचिंग सेंटर के संचालक से पूछताछ की गई है। अन्य जिलों में भी जांच जारी है, और पुलिस संभावित संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है और कहा है कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।




