बिहार : तेज प्रताप यादव के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। उनके कथित रिश्ते को लेकर किए गए इस पोस्ट से न केवल सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई, बल्कि उनके पिता और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव भी नाराज़ हो गए। लालू यादव ने कड़ा कदम उठाते हुए तेज प्रताप को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया, साथ ही पारिवारिक संबंधों से भी दूरी बना ली।

उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि उनके बेटे का बर्ताव और निर्णय पारिवारिक मर्यादाओं के खिलाफ है। इस पर तेजस्वी यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि पार्टी की प्राथमिकता बिहार की जनता की सेवा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निजी और राजनीतिक जीवन अलग हैं, और उनके बड़े भाई को अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेने का अधिकार है।उधर, तेज प्रताप ने सफाई देते हुए बताया कि उनका फेसबुक अकाउंट किसी ने हैक कर लिया है और उनके नाम से झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।




