रांची :कटिहार कदवा थाना क्षेत्र में घुघरी पुल के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा पति-पत्नी पर फायरिंग किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। फायरिंग में महम्मदपुर पंचायत के सझेली गांव निवासी 30 वर्षीय बड़कू शर्मा को जांघ में गोली लगी जबकि उनकी पत्नी काजल देवी के हाथ में गोली लगी है।

दोनों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।




