चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज में रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक महिला के पूर्व पति ने हैवानियत की हदें पार करते हुए अपनी पूर्व पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
दिल दहला देने वाली यह घटना हंटरगंज थाना क्षेत्र के गयघाट गांव की है। सोमवार की रात करीब 8 बजे, 25 वर्षीय पूनम कुमारी का शव उसके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर खून से लथपथ मिला। पूनम के वर्तमान पति योगेंद्र भुइयां ने आरोप लगाया है कि कुरखेता निवासी पूर्व पति किशोरी भुइयां ने रंजिश के कारण पूनम को बंदूक की गोली से निशाना बनाया।

थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी किशोरी भुइयां की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस हत्याकांड ने एक बार फिर चतरा में सुरक्षा व्यवस्था और आपसी रंजिश के बढ़ते मामलों मीर्तिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




