Saraikela (संजीव मेहता) :
आदित्यपुर के उद्योगपति और एसिया के पदाधिकारी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण कांड से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार देर रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साईं मंदिर के पास पुलिस और अपहरण कांड के आरोपियों के बीच मुठभेड़ होने की खबर मिल रही है. इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की है जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन अपराधियों के पैर में गोली लगने की बात कही जा रही है. जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सिटी एसपी के अनुसार पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर हथियार बरामदगी के लिए पुलिस आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान आरोपियों ने एक कांस्टेबल से कार्बाइन छीन ली और फायरिंग कर दी.
मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं. घायल आरोपियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है. जो बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. इस मामले में अब तक आधा दर्जन से अधिक अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.




