सरायकेला / (संजीव मेहता) : सरायकेला खरसावां जिले की गिरती विधि व्यवस्था से नाराज राजद प्रदेश महासचिव ने मुख्यमंत्री से जिले के शीर्ष पदाधिकारियों को बदलने के मांग करते हुए, जिले में बीस सूत्री प्रभारी मंत्री की नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने जिले के औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर और गम्हरिया के साथ राजनगर, कपाली एवं चांडिल में हत्याओं का आंकड़ा गिनाते हुए कहा कि जिले के शीर्ष पुलिस पदाधिकारी केवल वाहन चेकिंग, बालू उठाव, जुए शराब के अवैध पर नजर रख रहे हैं, जबकि जिले के अपराधी बेलगाम होकर लोगों की हत्याएं करने में जुटी है। उन्होंने दो दिन पूर्व गम्हरिया में शिक्षक नेता और मुखिया पति की हत्या पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि बेहद अफसोस है, कि अब तक पुलिस हत्यारों को ढूंढ नहीं सकी है। कुछ दिन पूर्व राजनगर के प्रसिद्ध डॉक्टर बी मंडल की हत्या इसी तरह अपराधियों ने रंगदारी को लेकर कर दी थी।

कुछ दिन पूर्व कपाली और सरायकेला में भी हत्या की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है। जिले के इस विधि व्यवस्था से सरकार में शामिल राजद चिंतित है। उन्होंने कहा कि वे लोग मंत्रिमंडल में शामिल राजद कोटे के मंत्री संजय यादव से मिलकर इस गिरती विधि व्यवस्था से अवगत करायेंगे और एसिया के बड़े औद्योगिक क्षेत्र की गिरती व्यवस्था में सुधार की मांग करेंगे, चूंकि यही स्थिति रही और हत्याओं का सिलसिला जारी रहा तो यहां के उद्यमी उद्योग धंधे बनकर पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे।




