सरायकेला : “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” जनजागरूकता सप्ताह के अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी सरायकेला-खरसावाँ गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में इचागढ़ प्रखंड स्थित अनुग्रह नारायण प्लस टू उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति प्रेरित करना था।

अधिकारी ने बच्चों को बताया कि वाहन की अधिक गति दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है, इसलिए सावधानी और संयम सबसे बड़ा सुरक्षा उपाय है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की टीम ने भी इस अवसर पर उपस्थित होकर विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपने विचारों को सृजनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। विजेताओं को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई। इस पहल का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और सजगता का भाव विकसित करना था, ताकि समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।




