Saraikela (संजीव मेहता) : झारखंड मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले चार दिनों तक झारखंड के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके लिए आम लोगों को सतर्क किया गया है. इससे जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम के साथ सरायकेला खरसावां जिला भी अछूता नहीं रहेगा.
* जानें क्या है कारण –
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसून ट्रफ झारखंड से होकर लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई से गुजर रहा है. इससे मौसम प्रणाली सक्रिय हो गई है. तेज हवा के साथ वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है.
* मौसम विभाग ने क्या दी चेतावनी-
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के लोगों को चेतावनी को हल्के में नहीं लेना चाहिए. मौसम अलर्ट के अनुसार, यदि मोबाइल पर संदेश आता है कि अगले 3 घंटे में बारिश या वज्रपात हो सकती है, तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. खासकर किसानों को ध्यान देने की जरूरत है.

* इन जिलों में पड़ेगा भारी प्रभाव-
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, रांची, गुमला, लोहरदगा, साहिबगंज, सरायकेला खरसावां और पलामू में इसका भारी प्रभाव पड़ने का अनुमान लगाया गया है. इसके अलावा भी राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है.
* किसी-किसी जिले में खिल सकती है धूप-
मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि इस बीच किसी-किसी जिले में धूप खिलने की भी संभावना है. आसमान पर भी काले बादल छाए रहेंगे.
* 21 से 25 जुलाई तक बारिश-
झारखंड मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि 21 से 25 जुलाई तक झारखंड में लगातार बारिश हो सकती है. इस बीच 30 से लेकर 60 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.




