सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बलरामपुर गांव में जल जमाव की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के आलोक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभय कुमार द्विवेदी ने स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से जल जमाव की समस्या बनी हुई है। जिससे घरों तक पानी भर गया है और लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ अभय द्विवेदी ने पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) के जूनियर इंजीनियर को नाली और सड़क की स्थिति का मूल्यांकन करने का निर्देश दिया। साथ ही बीडीओ ने जल निकासी की शीघ्र व्यवस्था करने के लिए रिपोर्ट मांगी है, ताकि समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाली और सड़क के लिए शीघ्र रिपोर्ट उन्हें दें ताकि जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान किया जा सके। जिन स्थानों पर पानी भर रहा है, वहां नालियों की जल्द से जल्द सफाई की जाए और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए। बीडीओ ने अन्य स्थानीय समस्याओं को भी देखा और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द समाधान करेगा।
बलरामपुर के ग्रामीणों ने बीडीओ की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की और उम्मीद जताई है कि जल्द ही उन्हें जल जमाव की समस्या से राहत मिलेगी।




