रांची : झारखंड भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने IAS अधिकारी विनय चौबे के ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी और उनके साले शिपिज त्रिवेदी को पूछताछ के लिए तलब किया है। दोनों की पेशी पर सभी की निगाहें हैं, क्योंकि एजेंसी उनसे विनय चौबे की संपत्ति से जुड़े कई सवाल कर सकती है।विनय चौबे पहले से ही शराब, वन भूमि और सेवायत भूमि घोटाले में जांच के दायरे में हैं।
इसी बीच ACB ने उनके खिलाफ एक नई एफआईआर संख्या 20/2025 दर्ज की है। इसमें चौबे, उनकी पत्नी स्वप्न संचिता, नेक्सजेन कंपनी के मालिक विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, विनय सिंह के साले शिपिज त्रिवेदी, शिपिज की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी और चौबे के ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(b), 13(2) और भारतीय दंड संहिता की धारा 49 व 61(2) के तहत मामला चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपियों ने मिलकर विनय चौबे को अपनी आय से अधिक संपत्ति जमा करने और उसे छुपाने में मदद की। चौबे की नौकरी के दौरान कुल वैध आय 2.20 करोड़ रुपये थी, लेकिन उनके और उनके संबंधियों के खातों में 3.47 करोड़ रुपये मिले, यानी करीब 1.27 करोड़ रुपये की संपत्ति संदिग्ध मानी जा रही है। ACB की जांच तेजी से जारी है और आने वाले दिनों में नए तथ्य सामने आ सकते हैं।




