सरायकेला (संजीव मेहता) : चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के हांसाडुंगरी, फातिमा मस्जिद के पास दो दिसंबर को मिली अज्ञात व्यक्ति के लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए उनके निशान देही पर एक देसी कट्टा और दो जिंदा गोली बरामद किया है. पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्याय हिरासत में भेज दिया है. अज्ञात लाश मिलने के बाद पुलिस ने अनुसंधान करते हुए सत्यापन करने के बाद मृत व्यक्ति की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा टीचर्स कालोनी के रहने वाले ओम प्रकाश सिंह के 39 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में किया. मृतक भुइयांडीह में लेडिज कार्नर का दुकान चलाता था और मानगो, आजादनगर व कपाली क्षेत्र में कई वर्षों से कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था. घटना के बाद मृतक संदीप कुमार सिंह के बडे भाई प्रदीप सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चांडिल, कपाली ओपी थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया था.

कपाली ओपी में मामला दर्ज होने के बाद सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक ने मामले का उद्वेदन करने और कांड में संलिप्त अपराध कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी टीम का गठन किया था. चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने मामले का अनुसंधान करते हुए मानवीय व तकनिकी साक्ष्य के आधार पर इस कांड का उद्वेदन किया. पुलिस दल ने कांड में संलिप्त रहने के आरोप में अपराधकर्मी शमशाद अंसारी, मो सारिक और समसुद्दीन मोमीन को गिरफ्तार किया., गिरफ्तार सभी अभियुक्त कपाली के रहने वाले हैं. इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांड में गिरफ्तार अभियुक्तो ने अपने बयान में अपराध को स्वीकार किया. गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही पर कांड में इस्तेमाल किए गए एक लोहे का बना देशी कट्टा व दो जिंदा गोली बरामद किया गया है.




