धनबाद : धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित गोपीनाथपुर कोलफील्ड प्राइवेट लिमिटेड (जीसीपीएल) में भाजपा समर्थित गोपीनाथपुर कोलियरी बेरोजगार संघर्ष मोर्चा और भाजपा माले समर्थित निरसा बेरोजगार संघर्ष समिति के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 12 लोग घायल हो गए, जिनमें एक पुलिसकर्मी और जिला सदस्य भी शामिल हैं। घायलों का इलाज स्थानीय निजी नर्सिंग होम और एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। माले समर्थित समिति ने अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर कोलियरी परिसर में प्रदर्शन और धरना आयोजित किया था। वहीं, कंपनी गेट के सामने भाजपा समर्थित समिति भी धरने पर बैठी थी।

दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे, और नारेबाजी के दौरान स्थिति बिगड़ गई। करीब आधे घंटे तक लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हिंसक झड़प हुई। इस संघर्ष में छह बाइक और दर्जनों कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं। उपद्रवियों ने माले समर्थित समिति के टेंट में आग लगा दी, जिससे टेंट पूरी तरह जलकर राख हो गया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को खदेड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।




