जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी स्थित शीतला मंदिर के पास हुई फायरिंग की जांच में नया मोड़ सामने आया है। घटना में घायल सतपाल सिंह उर्फ सागर अपने साथी रिंकू के साथ रवि खेड़ा के घर पहुंचा था, जहां झगड़े के दौरान गोली चली। सीसीटीवी फुटेज में दोनों रवि खेड़ा के दरवाजे पर खटखटाते और फिर विवाद करते नजर आ रहे हैं। पुलिस को संदेह है कि सागर अपने ही साथी रिंकू की गोली से घायल हुआ है।

जांच के बाद पुलिस ने रिंकू को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से पिस्टल भी बरामद कर ली है। फिलहाल सागर का इलाज टीएमएच में चल रहा है और उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। वहीं, जुगसलाई के मिल्लतनगर में चिकन कारोबारी जाफर अली उर्फ राजू पर हुई फायरिंग मामले में भी पुलिस ने तेजी दिखाई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार बरामद किए हैं। शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने राजू पर गोली चलाई थी,जिससे उसे नाभी और हाथ में चोट आई। टीएमएच में उसका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस दोनों मामलों में जल्द विस्तृत खुलासा करने की तैयारी में है।




