गिरिडीह : गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र स्थित राजा मंदिर के पुजारी चंद्रिका पांडेय के आवास में हुई डकैती मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना में संलिप्त सात अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरिडीह एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि चंद्रिका पांडेय के लिखित आवेदन पर धनवार थाना में कांड संख्या 0-01/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और जमुआ पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। प्रारंभ में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब अनुसंधान के दौरान सागर मुंडा, सूरज टुडू, पृथ्वी लोहार, सुनील नयाल, इलियास अंसारी, बीटूनाग सबर और मोहन किस्कू को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, चार मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है। ज्ञात हो कि घटना में शामिल दो अपराधियों को ग्रामीणों ने पहले ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। यह डकैती घटना एक सप्ताह पूर्व देर रात हुई थी, जिसमें अपराधियों ने पुजारी के घर से लूटपाट की थी। पुलिस की कार्रवाई से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और इस घटना का त्वरित समाधान पुलिस की सतर्कता और प्रभावी नेतृत्व को दर्शाता है।




