सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की जनता इस बार नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं का रुख काफी बदला हुआ दिखाई दे रहा है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि जनता उन पूर्व जनप्रतिनिधियों को सबक सिखाने के मूड में है, जिन्होंने जीत के बाद क्षेत्र में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई। कई वार्डों में मतदाता खुलकर कह रहे हैं कि सिर्फ चुनाव के समय नजर आने वाले प्रतिनिधियों को इस बार समर्थन मिलना मुश्किल होगा।

जनता का कहना है कि जिन जनप्रतिनिधियों ने अपने कार्यकाल के दौरान सड़क, नाली, पानी, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया, उन्हें दोबारा मौका देने का कोई औचित्य नहीं है। खासकर युवा मतदाता और स्थानीय सामाजिक संगठन लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि वे अपने वोट का उपयोग सोच-समझकर करें और ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो चुनाव के बाद भी क्षेत्र में सक्रिय रहकर समस्याओं का समाधान करे।
इसी बदलते माहौल के कारण कई वार्डों में नए चेहरों की दावेदारी मजबूत होती नजर आ रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यही रुझान मतदान तक बना रहा, तो इस बार आदित्यपुर नगर निगम के कई वार्डों में पुराने जनप्रतिनिधियों की छुट्टी हो सकती है और जनता नए उम्मीदवारों को मौका दे सकती है।




