
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सिल्ली-रांगामाटी सड़क पर टीकर थाना के पास किया गया। जांच के दौरान ओवरलोडिंग के मामले में दो हाइवा और एक ट्रक को जब्त किया गया, जो निर्धारित चालान सीमा से अधिक बालू ले जा रहा था।
डीटीओ ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों के परमिट, चालान और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि तीनों वाहन चालान में निर्धारित सीमा से अधिक बालू लादकर परिवहन कर रहे थे। इन वाहनों को जब्त कर ईचागढ़ थाना को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चालान में 400 सीएफटी बालू की अनुमति होने के बावजूद, दिन-रात 600-700 सीएफटी तक बालू का अवैध परिवहन किया जा रहा है। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन भी है।
डीटीओ ने कहा कि यह अभियान ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाया गया है, और लगातार चलेंगे। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिससे भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों को रोका जा सके। जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने कहा कि किसी भी वाहन चालक या मालिक को नियमों का उल्लंघन करने पर बख्शा नहीं जाएगा। लगातार ऐसे अभियान चलते रहेंगे।



