देवघर : देवघर से सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने बम फेंककर प्रधानाध्यापक संजय दास (52 वर्ष) की हत्या कर दी। यह घटना उस समय हुई जब वे स्कूल में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर लौट रहे थे। मृतक मधुपुर थाना क्षेत्र के महुआडाबर मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, संजय दास जैसे ही स्कूटर से पिपरासोल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर बम से हमला कर दिया। विस्फोट में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मधुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। इस हत्याकांड को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं—संकेत कैसे मिले कि संजय दास स्कूल से निकल चुके थे? क्या किसी से उनकी रंजिश थी? इधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग घटना से आक्रोशित हैं और प्रशासन से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की तह तक जाने का दावा कर रही है, अब देखना होगा कि कब तक दोषियों को पकड़ पाती है।




