सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हारुडीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुई विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस संबंध में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर चांडिल थाना कांड सं0-199/25 दिनांक 25.12.2025 दर्ज किया गया था। मामले में 27 आर्म्स एक्ट तथा 103(1)/61(2)/118(2)/3(5) बीएनएस 2023 की धाराएं लगाई गई हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शाहिद खान उर्फ शहजादा (27 वर्ष), निवासी ताजनगर, बंधुगोरा, कपाली; वर्तमान पता मुर्दा मैदान, आजादनगर, पूर्वी सिंहभूम शामिल है। इसके अलावा विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की (24 वर्ष) तथा राहुल राव (26 वर्ष), दोनों निवासी शंकोसाई रोड नं0-01, डिमना रोड, मानगो, जिला पूर्वी सिंहभूम को भी गिरफ्तार किया गया है।

पूर्व में एक अन्य आरोपी मनीष कुमार ठाकुर उर्फ लिगर (21 वर्ष), निवासी तामोलिया, को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी बंटी सरदार, निवासी इंद्रानगर, सीतारामडेरा, वर्तमान में मानगो (उलीडीह थाना कांड सं0-264/24) में आत्मसमर्पण कर न्यायिक अभिरक्षा में है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी डील्सन बिरुवा (चांडिल), सोनू कुमार (चौका), संतन तिवारी (निमडीह), धीरंजन कुमार (कपाली ओपी) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं चांडिल थाना सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।




