जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना इलाके के ईएसआई डिस्पेंसरी से बाइक चुराकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को लोगों ने गम्हरिया क्षेत्र के ऊषा मोड़ के पास दबोच लिया। लोगों की सतर्कता से आरोपी युवक पकड़ा गया और तुरंत इस बात की जानकारी स्थानीय थाना को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में ले लिया।

चांडिल निवासी रूदिया गांव के दुर्योधन गोप ने जानकारी दी कि वह अपने साले मुकेश प्रधान की मोटरसाइकिल लेकर डिस्पेंसरी आया था। बाहर निकलने पर देखा कि एक अजनबी उसकी बाइक लेकर भाग रहा है। कुछ दूरी पर जाकर उसने वाहन एक दूसरे व्यक्ति को सौंपा और खुद फरार हो गया। दुर्योधन ने अपने कुछ परिचितों के साथ मिलकर उसका पीछा किया और ऊषा मोड़ पर एक युवक को धर दबोचा। तत्पश्चात उसे गम्हरिया थाने को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस उस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे प्रकरण में और कौन लोग शामिल हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है और कई पहलुओं पर पुलिस की नजर बनी हुई है।




