पटना : 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी विनय कुमार ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान डीजीपी आलोक राज से पदभार ग्रहण करने के बाद विनय कुमार ने पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने अपराध और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। विनय कुमार ने कहा कि राज्य में माफियाओं और संगठित अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त करने के लिए नए कानूनों का सख्ती से पालन किया जाएगा। उन्होंने 1400 थानेदारों को निर्देश दिया कि वे अगले महीने के भीतर कम से कम एक-एक माफिया की सूची तैयार करें और उनकी संपत्ति जब्त करें। यह कार्रवाई बालू, शराब, परीक्षा या अन्य किसी भी संगीन अपराध से जुड़े माफियाओं के खिलाफ होगी। डीजीपी ने कहा कि माफियाओं की संपत्तियों की तकनीकी जांच की जाएगी। यदि वे संपत्ति के स्रोत का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते, तो संपत्ति जब्त की जाएगी। थानेदारों को अवैध संपत्तियों का डाटाबेस तैयार करने का आदेश दिया गया है।

उन्होंने पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को सड़क पर दिखना होगा। गश्ती बढ़ाने से अपराधियों में भय उत्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल पटना समेत बिहार में 2,000 गाड़ियां डायल 112 सेवा के तहत उपलब्ध हैं, जिनका प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा। डीजीपी विनय कुमार का यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को सुधारने और माफिया राज को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।



