पटना: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर राजनीतिक हलचले तेज हो गई है और सूत्रों के अनुसार यह समारोह 20 नवंबर तक संपन्न हो सकता है। चुनाव परिणाम आने के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रमुख दलों के बीच मंत्रिमंडल के स्वरूप,विभागों के बंटवारे को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है।राजभवन की ओर से भी शपथ ग्रहण की संभावित तारीखों पर तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे संकेत मिलता है कि प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है।

आमतौर पर, चुनाव परिणाम के तुरंत बाद सरकार गठन में तेजी लाई जाती है ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार का अवरोध न आए। इसी क्रम में माना जा रहा है कि 20 नवंबर तक नई सरकार अपना कार्यभार संभाल लेगी। शपथ ग्रहण समारोह पटना में आयोजित होने की संभावना है, जिसमें राज्यपाल मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था,वीआईपी प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार चलता है, तो 20 नवंबर तक नई सरकार औपचारिक रूप से अपनी पारी शुरू कर देगी,जिससे राज्य में नई नीतियों और निर्णयों का दौर भी प्रारंभ होगा।




