Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती में शुक्रवार को दोपहर करीब 11:30 बजे हथियारबंद अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया. अपराधियों ने न केवल पत्थरबाजी की, बल्कि पिस्तौल से फायरिंग और चापड़ से हमला करने का भी प्रयास किया. पूरी घटना स्थानीय सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी और ‘लाव-लश्कर’ के साथ बस्ती में घुसे थे. उन्होंने स्थानीय निवासियों को निशाना बनाने की कोशिश की. हालांकि बस्ती वासियों की एकजुटता और जवाबी दबिश के आगे अपराधी टिक नहीं सके और मौके से भाग खड़े हुए. बस्ती वासियों का आरोप है कि ये युवक अक्सर नशे की हालत में बस्ती में आकर लोगों को डराते-धमकाते हैं.

इससे पहले गुरुवार को भी इन अपराधियों ने फरसा से हमला किया था, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था. बस्ती के निवासियों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अब जान से मारने की नीयत से हमला कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा गोली और एक मैगजीन बरामद की है. थाना प्रभारी ने बताया की किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.




