
बांका : बेलहर के बेलडीहा गांव में रविवार तड़के 3-4 बजे के बीच एक भयावह घटना में बुजुर्ग दंपती ब्रह्मदेव सिंह (75) और उनकी पत्नी सुबाला देवी (70) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। ब्रह्मदेव सिंह, स्वतंत्रता सेनानी जागेश्वर सिंह के पुत्र थे और 15 साल पहले भवन निर्माण विभाग में क्लर्क पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे गांव में सूद पर पैसे लगाने का काम करने लगे थे।हत्या का संभावित कारण सूद के पैसे का लेन-देन बताया जा रहा है। दो दिन पहले ही ब्रह्मदेव सिंह ने बैंक से पांच लाख रुपये निकाले थे, जो घर से गायब मिले। हालांकि, सुबाला देवी के पहने हुए गहने हमलावरों ने नहीं चुराए। घटना के समय घर में केवल दंपती ही मौजूद थे। उनका बेटा रेलवे में बाहर नौकरी करता है।हम्लावरों ने चहारदीवारी फांदकर छत से घर में प्रवेश किया और आंगन में सोए दंपती पर कुल्हाड़ी से हमला किया। हत्या के बाद उन्होंने मुख्य दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि हत्या को अलग रूप देने के लिए कमरों के बिछावनों को बिखेरा गया और गोदरेज को खोलकर छोड़ दिया गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और दोनों शवों को निगरानी में रखा है।फिलहाल हत्या के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर संभव दिशा में जांच कर रही है।




