सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़कुम पंचायत के उजागुड़ा गांव में रविवार शाम घटी हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। नौ वर्षीय रोशनी सोरेन ने कुछ दिन पहले ही बीमारी और आर्थिक संकट के बीच अपनी मां को खोया था। उसके पिता का देहांत पहले ही हो चुका था, जिससे वह परिवार की अंतिम सदस्य रह गई थी। रविवार को मां की स्मृति में सामूहिक भोज आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे।
शाम लगभग छह बजे अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली आंगन में खड़े नीम और कटहल के पेड़ों पर गिरी। उस समय कई लोग पेड़ों के नीचे बैठे थे। घटना के बाद रोशनी गंभीर अवस्था में जमीन पर मिली, जबकि 32 वर्षीय सोनू सरदार भी इसकी चपेट में आ गए। ग्रामीण दोनों को अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। मालती सोरेन, सोनामाई सोरेन, बेबी सोरेन और राखी सोरेन सहित कई लोग घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है।

इसी दौरान गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र स्थित सेमरा पाकर टोली गांव में धान रोपाई के समय 55 वर्षीय जयंती देवी पर बिजली गिर गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चतरा जिले के सिंदुरिया नावाडीह निवासी टेंपो चालक दीपक सिंह की जमशेदपुर में वाहन के पास खड़े रहने के दौरान जान चली गई। वहीं हजारीबाग के टाटीझरिया प्रखंड की झरपो पंचायत में खेत में कार्यरत 64 वर्षीय लखिया देवी की भी आकाशीय बिजली से मृत्यु हो गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।






