जमशेदपुर :झारखंड राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर जमशेदपुर में संभावित हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर हुए इस अभ्यास में सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य राहत एजेंसियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लेकर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल के दौरान काल्पनिक हवाई हमले की स्थिति तैयार की गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का सफलतापूर्वक अभ्यास किया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के समय प्रभावी राहत एवं बचाव अभियान चलाने की क्षमता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में जनहानि को कम करना, एजेंसियों की तैयारियों को मजबूत बनाना और आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना है।






