सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के आर आई टी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने सोमवार को व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया।
गश्ती के दौरान पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी संदिग्ध व्यक्ति, आपराधिक गतिविधि, नशा, जुआ, अवैध कारोबार या अन्य किसी प्रकार की संदिग्ध हरकत दिखाई दे तो बिना संकोच तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
आरआईटी पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझी जिम्मेदारी है। जनता के सहयोग और सतर्कता से ही अपराधमुक्त, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज का निर्माण संभव है। इस अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की पहल का सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।






