रांची : राज्य में लगातार बढ़ते अपराध और अवैध कारोबार पर नियंत्रण को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपना लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य मुख्यालय द्वारा प्रमंडलीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारीयों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों तथा अवैध कारोबार पर पैनी नजर रखें और नियमित रूप से विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध कराएं।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार अब खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है। हर थाना क्षेत्र की कार्यशैली पर खुफिया विभाग की निगाहें भी रहेगी। जहां हत्या, लूट, रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन, शराब, जुआ-सट्टा या अन्य संगठित अपराध लगातार बढ़ते पाए जाएंगे, वहां संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय होगी। यदि किसी थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल बढ़ता है या अवैध कारोबार निर्बाध रूप से संचालित होता मिलता है, तो संबंधित थानेदार पर भी कार्रवाई होगी।
सूत्रों के अनुसार मुख्यालय ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही, कमजोर पुलिसिंग अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध भूमिका अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खुफिया रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रभारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा और आवश्यकता पड़ने पर विभागीय कार्रवाई, तबादला अथवा अन्य अनुशासनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
आने वाले दिनों में संवेदनशील थाना क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा। अपराधियों के नेटवर्क, उनके आर्थिक स्रोतों तथा अवैध कारोबार से जुड़े तंत्र को ध्वस्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की तैयारी भी है। राज्य मुख्यालय का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध और अवैध कारोबार की जड़ों पर प्रहार कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस महकमे में यह चर्चा तेज है कि अब अपराध और अवैध कारोबार पर ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के लिए आने वाले दिन आसान नहीं होंगे।






