जमशेदपुर : देश के सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 4 जुलाई का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमीकॉन ओसैट प्लांट से भारत की पहली ‘Made in India’ कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप की पहली खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए रवाना की गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर जमशेदपुर की बेटी तनीषा गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद कर पूरे झारखंड का मान बढ़ाया।
तनीषा गौतम का चयन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के लिए किया गया था। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि, जमशेदपुर में हुई शिक्षा, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई और गुजरात के साणंद स्थित सेमीकंडक्टर प्लांट तक के अपने प्रेरणादायक सफर के बारे में विस्तार से बताया। तनीषा ने बताया कि कैसे एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपने सपनों को साकार किया और आज भारत के सबसे महत्वाकांक्षी सेमीकंडक्टर मिशन का हिस्सा बनी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और उनके आत्मविश्वास, तकनीकी समझ तथा उपलब्धियों की सराहना की।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्लांट का भ्रमण करते समय उन्हें देशभर से आए युवा इंजीनियरों और तकनीशियनों से बातचीत करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस परिसर में उन्हें “मिनी इंडिया” की झलक दिखाई दी, जहां देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवा आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से झारखंड से आई बेटियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका आत्मविश्वास, सीखने की क्षमता और तकनीकी समझ उन्हें बेहद प्रभावित कर गई। उन्होंने कहा कि साधारण परिवारों से आने वाली ये बेटियां आईटीआई और डिप्लोमा जैसी पढ़ाई के बाद आज देश के सबसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड की बेटियों ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने मंच से सभी बेटियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति जिस तेजी से नई तकनीक सीख रही है और जिम्मेदारियां निभा रही है, वह पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। जमशेदपुर की बेटी तनीषा गौतम का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा संवाद करना केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जमशेदपुर और झारखंड के लिए गौरव का विषय है। भारत की पहली कमर्शियल ‘Made in India’ सेमीकंडक्टर चिप के ऐतिहासिक लॉन्च की गवाह बनकर तनीषा ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों के युवा भी देश के तकनीकी भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।






