सरायकेला : करीब 48 घंटे तक चले गतिरोध, वार्ता और प्रशासनिक प्रयासों के बाद आखिरकार हिमांशु सिंह के अंतिम संस्कार का रास्ता साफ हो गया. सरकार और प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए.
डबल डाउन बार हत्याकांड में घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, आश्रित को सरकारी नौकरी और स्पीडी ट्रायल की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था. बुधवार को कोल्हान डीआईजी, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त, जमशेदपुर एवं सरायकेला के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कई दौर की वार्ता हुई.

अंततः प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, आश्रित को सरकारी नौकरी की अनुशंसा की जाएगी तथा फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. लिखित आश्वासन के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति दे दी. इसके साथ ही दो दिनों से चले आ रहे गतिरोध का अंत हुआ. अब सभी की निगाहें प्रशासन द्वारा किए गए वादों पर अमल और हत्याकांड में आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.






