रांची: जमशेदपुर में घटित डीडी बार की घटना ने झारखंड की कानून व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। जिसके आलोक में झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण दोनों अधिकारियों को उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि चाईबासा के आयुक्त और रांची के ADG क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करेंगे, जबकि DIG जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ सख्त और कठोर कार्रवाई होगी।
इस कार्रवाई को कोल्हान क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की सख्त करवाई के रूप में देखा जा रहा है।






